20 जनवरी को बीजेपी को मिल सकता है नया अध्यक्ष, चुनाव प्रक्रिया शुरू

भारतीय जनता पार्टी को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी ने शुक्रवार को अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल के मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 19 जनवरी को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को चुनाव कराए जाएंगे।
हालांकि, पार्टी सूत्रों के मुताबिक मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के ही एकमात्र उम्मीदवार होने की संभावना है। ऐसे में 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। उनकी औपचारिक घोषणा 20 जनवरी को की जा सकती है। बताया जा रहा है कि नितिन नबीन के नामांकन प्रस्तावक के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हो सकते हैं।
बीजेपी नेतृत्व नितिन नबीन को पार्टी की कमान सौंपकर राजनीति में नई सोच और नई पीढ़ी को आगे लाने का संदेश देना चाहती है। इससे पहले भी पार्टी 75 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में शामिल कर यह संकेत दे चुकी है कि नेतृत्व की जिम्मेदारी धीरे-धीरे युवा नेताओं को दी जाएगी।
एक सामान्य कार्यकर्ता से विधायक और अब पार्टी अध्यक्ष के पद तक नितिन नबीन का सफर पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। बीजेपी इस फैसले के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि संगठन में मेहनत और समर्पण के दम पर कोई भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी के इस कदम से अन्य राजनीतिक दलों पर भी नैतिक दबाव बनेगा, जहां लंबे समय से उम्रदराज या पारिवारिक परंपरा के तहत अध्यक्ष बनाए जाते रहे हैं। 45 वर्ष के नितिन नबीन को पार्टी अध्यक्ष बनाकर बीजेपी यह स्पष्ट संकेत देना चाहती है कि देश और राजनीति दोनों का नेतृत्व युवा हाथों में होना चाहिए।





