शिवराज पाटिल के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक, पीएम मोदी ने कहा—‘अपूर्व क्षति’

आज, शुक्रवार, 12 दिसंबर का दिन कांग्रेस के लिए दुखद रहा क्योंकि आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. पाटिल जी ने सुबह करीब 6.30 बजे लातूर में अपने घर में अंतिम सांस ली.
बता दें कि शिवराज पाटिल काफी लंबे बक्त से बीमार थे जिसके चलते उनका इलाज उनके आवास पर ही चल रहा था. महाराष्ट्र से आने वाले शिवराज पाटिल चाकूरकर मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं. साल 2008 में मुंबई में आतंकवादी हमले के समय शिवराज पाटिल ही देश के गृह मंत्री थे.
शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी समेत कई राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवराज पाटिल के निधन पर शोक प्रकट किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उनके साथ की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘शिवराज पाटिल एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों के दौरान विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. उन्हें समाज के कल्याण में योगदान देने का जुनून था. पिछले कुछ वर्षों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई है, सबसे हालिया बातचीत तब हुई जब वह कुछ महीने पहले मेरे आवास पर आए थे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं.’
Saddened by the passing of Shri Shivraj Patil Ji. He was an experienced leader, having served as MLA, MP, Union Minister, Speaker of the Maharashtra Assembly as well as the Lok Sabha during his long years in public life. He was passionate about contributing to the welfare of… pic.twitter.com/muabyf7Va8
— Narendra Modi (@narendramodi) December 12, 2025
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया, “वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल के गुज़र जाने की खबर बहुत दुख देने वाली है. लोकसभा स्पीकर, केंद्रीय गृह और रक्षा मंत्री, राज्यपाल और कई दूसरी भूमिकाओं में उन्होंने अपने काम से अपने व्यक्तित्व की अमिट छाप छोड़ी. लोकसभा स्पीकर के तौर पर उन्होंने सदन से जुड़े कई नए कामों को बढ़ावा दिया. एक उसूलों वाले, जानकार और पक्के नेता के तौर पर, जिन्होंने अपनी बात मज़बूती से रखी, देश की राजनीति में उनका एक सम्मान था. उनके गुज़र जाने से, हमने राजनीति और सामाजिक मामलों में एक बहुत बड़े, मार्गदर्शन करने वाले नेतृत्व को खो दिया है. एक ऐसा व्यक्तित्व जिन्होंने महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति के सम्मान को बनाए रखा, वे हमेशा हमारी यादों में रहेंगे. मैं उन्हें दिल से श्रद्धांजलि देता हूँ. हम उनके परिवार के दुख में शामिल हैं. ॐ शांति.”

कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री शिवराज पाटिल जी के निधन की खबर बहुत दुखद है और पार्टी के लिए एक ऐसा नुकसान है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती. जनता की सेवा के लिए उनका समर्पण और देश के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं पूरे पाटिल परिवार, उनके शुभचिंतकों और समर्थकों के साथ हैं.”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, “पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री, पूर्व लोकसभा स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री शिवराज पाटिल के निधन से बहुत दुख हुआ. वह एक सम्मानित वरिष्ठ साथी थे जिनके साथ मेरा करीबी रिश्ता और कई प्यारी यादें थीं. बहुत आदरणीय राजनेता, श्री पाटिल ने देश की सेवा की, अहम संवैधानिक और संसदीय ज़िम्मेदारियां निभाईं और भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों में अहम योगदान दिया. उनका निधन कांग्रेस पार्टी और उन सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है जो उनकी ईमानदारी, धैर्य और जन सेवा के प्रति उनके प्रतिबद्धता की सराहना करते थे. उनके परिवार, मित्रजनों और अनगिनत समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. इस मुश्किल घड़ी में उन्हें हिम्मत मिले, और उनकी आत्मा को शांति मिले.”






