भारत

लाल किला बम धमाका मामला: एनआईए ने नौवें आरोपी को किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए बम धमाके के मामले में एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति यासिर अहमद डार है, जो जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के शोपियां का रहने वाला है। यह इस मामले में अब तक की नौवीं गिरफ्तारी है। इस आतंकी हमले में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

एनआईए के अनुसार, यासिर अहमद डार को मामला संख्या आरसी-21/2025/एनआईए/डीएलआई के तहत गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम 1967 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि 10 नवंबर को राजधानी में हुए कार बम धमाके की साजिश में उसकी सक्रिय भूमिका थी।

एनआईए की जांच में यह भी पता चला है कि यासिर इस आतंकी साजिश का सक्रिय हिस्सा था। उसने आतंकवादी संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी और फिदायीन हमले को अंजाम देने का वादा किया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह इस मामले के अन्य आरोपियों के लगातार संपर्क में था। यासिर के संबंध उमर उन नबी से भी थे, जो इस बम धमाके का मुख्य आरोपी था और हमले में मारा गया। इसके अलावा, उसका संपर्क आरोपी मुफ्ती इरफान से भी पाया गया है।

एनआईए ने इस मामले की जांच के तहत इस महीने की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इन तलाशी अभियानों के दौरान कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई थी। इससे पहले हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय परिसर और अन्य जगहों पर भी छापे मारे गए थे। यहां मुख्य आरोपियों डॉ. मुज़म्मिल शकील गनी और डॉ. शाहीन सईद से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली गई थी।

एनआईए ने साफ किया है कि वह केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की पूरी साजिश को उजागर करने में लगातार जुटी हुई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button