भारत

जंगलराज का मतलब है कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार और भ्रष्टाचार: पीएम मोदी

बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होना है. इससे ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महागठबंधन पर जमकर बरसे. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप जरा इन जंगलराज वालों के गाने और इनके नारे सुन लीजिए. आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते हैं, क्या बोलते हैं.

पीएम मोदी ने कहा, ”आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है. मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित बिहार बनेगा. ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा, इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है.”

पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “जंगलराज का मतलब है कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार और भ्रष्टाचार. ये कुसंस्कार से भरे लोग हैं, ये कुशासन चाहते हैं. भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय दिया, लेकिन जंगलराज आते ही बिहार में बर्बादी का दौर शुरू हो गया. राजद ने बिहार में विकास के पूरे माहौल को नष्ट कर दिया.”

उन्होंने आगे कहा, “ये राजद और कांग्रेस वाले सिर्फ़ उद्योगों पर ताला लगाना जानते हैं. इनके 15 साल के जंगलराज में बिहार में एक भी बड़ा कारखाना नहीं लगा. मिथिला की मिलें भी बंद हो गईं. 15 साल के जंगलराज में बिहार में कोई बड़ा अस्पताल या मेडिकल कॉलेज नहीं बना, इसलिए जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सफेद झूठ हैं.”

‘बिहार का बच्चा रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर’ – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “राजद बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहती है, यह उनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ़ दिखाई देता है. राजद के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है; वो बच्चे कह रहे हैं कि वे रंगदार बनना चाहते हैं. बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं बन सकता; हमारा बच्चा इंजीनियर बनेगा, डॉक्टर बनेगा, वकील बनेगा, जज बनेगा…अब बिहार में हैंड्सअप कहने वालों के लिए जगह नहीं है. अब तो बिहार में स्टार्टअफ के सपने देखने वाले चाहिए. हम बच्चों के हाथ में किताबें, कंप्यूटर, लैपटॉप दे रहे हैं. हमारे बच्चे खेल में आगे बढ़ें, इसलिए हम उन्हें बैट, हॉकी स्टिक, फुटबॉल और वालीबॉल दे रहे हैं.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button