विदेश

दीपावली की वजह से रद्द हुआ पीएम मोदी का मलेशिया दौरा, ASEAN बैठक में डिजिटल उपस्थिति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते मलेशिया में होने वाले आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (ASEAN-India Summit) में वर्चुअली शामिल होंगे। यह सम्मेलन कुआलालंपुर में 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पुष्टि की कि पीएम मोदी दीपावली समारोहों के कारण मलेशिया की यात्रा नहीं करेंगे और वह इस समिट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी ने खुद भी एक्स (X) पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा — “मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी भरी बातचीत हुई। मलेशिया को आसियान अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। आसियान-भारत समिट में वर्चुअली शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस समिट में भारत की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर प्रतिनिधित्व करेंगे। अपने बयान में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा — “पीएम मोदी ने बताया कि दीपावली के चलते वे वर्चुअली शामिल होंगे। मैं उनके निर्णय का सम्मान करता हूं और उन्हें तथा भारत के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।”

आसियान (ASEAN) में 10 देश शामिल हैं — इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया। इस साल मलेशिया ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई साझेदार देशों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है।  भारत और आसियान के बीच संवाद संबंध 1992 में शुरू हुए थे और 2012 में इन्हें रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button