NTA का कड़ा फैसला: NEET री-एग्जाम की सुरक्षा के लिए प्रतिबंधित हुआ Telegram

परीक्षा में धांधली और पेपर लीक की अफवाहों को रोकने के लिए MeitY ने लिया बड़ा निर्णय, NTA ने फैसले का स्वागत किया।
NEET (UG) 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले, सरकार ने एक कड़ा कदम उठाते हुए भारत में Telegram पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 22 जून तक लागू रहेगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बताया कि परीक्षा के दौरान कुछ लोग टेलीग्राम का इस्तेमाल करके फर्जी पेपर लीक की खबरें फैला रहे थे। इन टेलीग्राम चैनलों पर “PAPER LEAKED”, “Re-NEET 2026” जैसे नाम रखकर छात्रों और उनके अभिभावकों से लाखों रुपये ठगे जा रहे थे। इसके अलावा, टेलीग्राम के ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर का गलत इस्तेमाल करके परीक्षा के बाद पुरानी पोस्ट को एडिट किया जा रहा था, ताकि फर्जी सबूत तैयार किए जा सकें।
NTA का बयान
NTA ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे परीक्षा प्रक्रिया की अखंडता की रक्षा के लिए एक जरूरी और संतुलित कदम बताया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है और इस तरह की कोई भी सामग्री सुरक्षित परीक्षा श्रृंखला से बाहर उपलब्ध नहीं है। जो भी ऐसा दावा कर रहे हैं, वे पूरी तरह से धोखाधड़ी कर रहे हैं।
इस कार्रवाई के दौरान, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) लगातार फर्जी टेलीग्राम अकाउंट्स और बॉट्स को हटाने का काम कर रहा है ताकि छात्रों को किसी भी प्रकार की गलत जानकारी से बचाया जा सके।





