अमेरिका में 116 किलो के 7 साल के बच्चे की मौत, माता-पिता पर लगा हत्या का इल्जाम
अमेरिका के मिशिगन से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 7 वर्षीय बच्चे, कैस्पर ओ’ब्रायन (Casper O’Brien) की मौत के मामले में उसके माता-पिता, डेमियन ओ’ब्रायन और जेसिका ओ’ब्रायन को गिरफ्तार किया गया है। उन पर सेकंड-डिग्री हत्या, यातना और बाल दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
4 नवंबर 2025 को इमरजेंसी सेवाएं कैस्पर के घर पहुंचीं, जहां उसे अचेत पाया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक ऑटोप्सी रिपोर्ट में मौत का आधिकारिक कारण ‘डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी’ (dilated cardiomyopathy) बताया गया, जो कि उसकी अत्यधिक मोटापे (morbid obesity) की स्थिति से संबंधित था।
116 किलो था वजन
7 साल के इस बच्चे की लंबाई मात्र 4 फीट 2.5 इंच थी, लेकिन उसका वजन 116 किलोग्राम (255 पाउंड) था। जांच में सामने आया कि बच्चे का आहार मुख्य रूप से आलू के चिप्स और फ्राइज तक सीमित था, क्योंकि उसे खाने की बनावट (texture) को लेकर समस्याएं थीं।
लापरवाही का आरोप
जीनेसी काउंटी के अभियोजक डेविड लेटन के अनुसार, यह पूरी तरह से लापरवाही का मामला है। हालांकि पिता के पास स्थिर नौकरी और स्वास्थ्य बीमा था, फिर भी बच्चे को कभी उचित चिकित्सा देखभाल नहीं दी गई।
फरवरी 2024 में एक डॉक्टर ने कैस्पर को पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलॉजिस्ट के पास रेफर किया था, लेकिन माता-पिता ने कभी उसे डॉक्टर के पास नहीं दिखाया। साथ ही, बच्चे को एक ऐसी अस्थायी बिस्तर (makeshift bed) पर रखा जाता था, जिसे परिवार के चार सदस्य साझा करते थे। दोषी पाए जाने पर माता-पिता को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।





