नोएडा के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में बड़ी लापरवाही, 6 घंटे बस में बंद रहा मासूम

दिल्ली से सटे नोएडा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है। मामला नोएडा के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल का है, जहां यूकेजी में पढ़ने वाला छह साल का एक बच्चा कई घंटों तक स्कूल बस में बंद रहा।
जानकारी के मुताबिक, बच्चा गुरुवार सुबह रोज़ की तरह स्कूल बस में बैठकर गया था, लेकिन वह स्कूल कैंपस तक नहीं पहुंचा। इस बात का पता तब चला जब दोपहर में बच्चा अपनी सोसाइटी में वापस नहीं उतरा। परिवार ने तुरंत स्कूल से संपर्क किया।
स्कूल की ओर से बताया गया कि क्लास अटेंडेंस रजिस्टर में बच्चे को अनुपस्थित (एब्सेंट) दर्ज किया गया था, जबकि बस अटेंडेंस में उसे उपस्थित (प्रेजेंट) दिखाया गया था। हैरानी की बात यह रही कि बच्चे के स्कूल नहीं पहुंचने की कोई सूचना या अलर्ट माता-पिता को नहीं दिया गया।
इसके बाद बच्चे की तलाश शुरू की गई। कई घंटे की खोजबीन के बाद बच्चा स्कूल से करीब 25 किलोमीटर दूर एक पार्किंग यार्ड में खड़ी बस के अंदर रोते हुए मिला। बताया जा रहा है कि वह सुबह से दोपहर तक लगभग 6 से 7 घंटे बस में ही बंद रहा। गनीमत यह रही कि बच्चे को किसी तरह की शारीरिक क्षति नहीं हुई।
घटना के बाद स्कूल और परिवार दोनों ने राहत की सांस ली। मामले पर स्कूल की प्रिंसिपल रेनू सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि जैसे ही स्कूल को जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की गई। उनके अनुसार बच्चा बस में ट्रांजिट के दौरान सो गया था। खोजबीन के बाद उसे सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि बच्चे को कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस घटना के बाद ट्रांसपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभिभावक अब बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं।





