‘लुटेरी दुल्हन’, 7 महीनों में 25 पुरुषों से शादी कर धोखाधड़ी करने वाली अनुराधा पासवान भोपाल से गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने एक चौंकाने वाले विवाहिक धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए 23 वर्षीय अनुराधा पासवान को भोपाल से गिरफ्तार किया है. अनुराधा पर आरोप है कि उसने पिछले सात महीनों में विभिन्न राज्यों में 25 पुरुषों से शादी कर उनसे ठगी की है. वह मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया के माध्यम से विधुर, तलाकशुदा या अमीर पुरुषों को निशाना बनाकर शादी के भ्रामक वादे करती थी और शादी के कुछ ही दिनों में नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि उत्तर प्रदेश के महाराजगंज की अनुराधा पासवान घरेलू विवाद के बाद अपने पहले पति से अलग होकर भोपाल में एक ठगी गिरोह से जुड़ गईं. यह गिरोह व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से दूल्हों को दुल्हन दिखाने का वादा करता था और 2 से 5 लाख रुपये तक की राशि वसूलता था. जिसके बाद अनुराधा फेक डॉक्यूमेंट दिखाकर कानूनी रूप से शादी करती थीं और कुछ ही दिनों में नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं.
अनुराधा ने अब तक कई राज्यों में पुरुषों से शादी की है, लेकिन इस मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि इस महिला और इसके गिरोह के ऊपर अभी तक केवल एक ही मामला दर्ज हुआ है. अनुराधा ने मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर शादी के लिए अपने शिकार में ज्यादातर विधुर, तलाकशुदा, शादी ना होने वाले या अमीर पुरुषों को निशाना बना फंसाती थी. वह शादी के कुछ ही दिनों बाद घर से गहने और नकदी लेकर गायब हो जाती थी. फिलहाल अनुराधा के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.





