IPL2025

आईपीएल 2025: राजस्थान और केकेआर के बीच आज कांटे की टक्कर, कौन मरेगा बाजी?

आईपीएल 2025 के रोमांचक मुकाबलों में एक और जबरदस्त भिड़ंत होने जा रही है। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स की टीमें 26 मार्च, बुधवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।

दोनों टीमें अपने पहले मुकाबले हार चुकी हैं और अब जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेंगी। कोलकाता को पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने हराया था, जबकि राजस्थान को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान इस मुकाबले में भी अपने नियमित कप्तान संजू सैमसन के बिना उतरेगी। सैमसन पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेले थे और इस बार भी इसी भूमिका में नजर आ सकते हैं।

राजस्थान और केकेआर के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 29 मुकाबले हुए हैं, जिसमें दोनों ने 14-14 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। इस सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक नहीं रहा है, क्योंकि न तो उनकी बल्लेबाजी चली और न ही गेंदबाजी में धार देखने को मिली। इस मैच में दोनों टीमों के पास अपनी गलतियों को सुधारने का अच्छा मौका होगा।

भले ही दोनों टीमों ने अब तक जीत दर्ज नहीं की है, लेकिन कागजों पर केकेआर की टीम राजस्थान से थोड़ी मजबूत नजर आ रही है। राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग की कप्तानी की परीक्षा होगी, क्योंकि पहले मैच में उनके फैसलों को लेकर सवाल उठे थे। हालांकि, संजू सैमसन ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आकर अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी थी।

कोलकाता के लिए सबसे बड़ी चिंता वरुण चक्रवर्ती का खराब फॉर्म है। पिछले मैच में विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने उन पर खुलकर रन बनाए थे। केकेआर उम्मीद करेगी कि वरुण इस मुकाबले में वापसी करें। इसके अलावा, अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन के जल्दी आउट होने से केकेआर का मध्यक्रम पिछले मैच में कमजोर साबित हुआ था। वेंकटेश अय्यर और आंद्रे रसेल खराब शॉट खेलकर आउट हुए थे, जिससे टीम प्रबंधन अब ज्यादा सतर्क रहेगा।

केकेआर के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे की फिटनेस पर सबकी नजरें टिकी होंगी। वह पीठ की जकड़न से जूझ रहे हैं और अगर फिट होते हैं, तो उन्हें प्लेइंग-11 में स्पेंसर जॉनसन की जगह शामिल किया जा सकता है। अगर नॉर्त्जे पूरी तरह फिट नहीं होते, तो केकेआर के प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव की संभावना कम है।

राजस्थान की गेंदबाजी पिछले मैच में पूरी तरह से फ्लॉप रही थी। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 76 रन लुटा दिए थे, जबकि फजलहक फारूकी और महेश थीक्षाना भी प्रभावी नहीं दिखे थे। राजस्थान को अगर जीत दर्ज करनी है, तो उसके गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

संभावित प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेत्मायर, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, महेश थीक्षाना, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, फजलहक फारूकी।

कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन/एनरिच नॉर्त्जे, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।

गुवाहाटी में होने वाले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमें जीत की तलाश में उतरेंगी। अब देखने वाली बात होगी कि कौन-सी टीम अपनी गलतियों से सीखकर इस मैच में बाजी मारती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button