‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा…’: राजस्थान में पीएम मोदी की गूंज

बीकानेर, राजस्थान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन का उद्घाटन किया और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 26,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया.
#WATCH | बीकानेर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 26,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया।
(वीडियो सोर्स: ANI/DD) pic.twitter.com/i0nuxW7ouy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 22, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चूरू-सादुलपुर रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखी तथा सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) तथा समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल लाइन विद्युतीकरण एवं राजस्थान के लिए 26,000 करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 103 अमृत स्टेशनों के उद्घाटन से पहले एक प्रदर्शनी का दौरा किया. प्रधानमंत्री भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिन्हें 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिन्हें क्षेत्रीय वास्तुकला को दर्शाने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है.
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा
“…एयरस्ट्राइक के बाद मैं चुरू में आया था और मैंने कहा था- ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झूकने दूंगा’. आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से कहना चाहता हूं- ‘जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है. जो हिंदूस्तान का लहू बहाते थे आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है, जो सोचते थे भारत चुप रहेगा आज वह घरों में दुबके पड़े हैं. जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वह मलबे के ढेर में दबे हुए हैं’…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “यह शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं, यह न्याय का नया स्वरूप है, यह ऑपरेशन सिंदूर है. यह सिर्फ आक्रोश नहीं है, यह समर्थ भारत का रौद्र रूप है, यह भारत का नया स्वरूप है. पहले घर में घुसकर किया था वार, अब सीधा सीने पर किया प्रहार है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं-1) भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा, समय हमारी सेनाएं तय करेंगी, तरीका भी हमारी सेनाएं तय करेंगी और शर्तें भी हमारी होगी. 2) एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है और 3) हम आतंक के आकाओं और आतंकी सरपरस्त सरकार को अलग-अलग नहीं देखेंगे, उन्हें एक ही मानेंगे… पूरी दुनिया में पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए हमारे देश के 7 अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल पूरे विश्व भर में पहुंच रहे हैं, इसमें देश के सभी राजनीतिक दलों के लोग, विदेश नीति के जानकार, गणमान्य नागरिक हैं, अब पाकिस्तान का असली चेहरा पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा.”
जानें पीएम मोदी ने अपने संबोधन में क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा, “मैं यहां करणी माता का आशीर्वाद लेकर आपके बीच आया हूं. करणी माता के आशीर्वाद से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और मजबूत हो रहा है. थोड़ी देर पहले विकास से जुड़ी 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का यहां शिलान्यास, लोकार्पण हुआ है. मैं इन परियोजनाओं के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज दुनिया भी भारत में हो रहे विकास कार्यों को देखकर हैरान है. उत्तर में चिनाब ब्रिज, पूर्व की ओर अरुणाचल की सेला टनल, असम का बोगीबील ब्रिज जैसे निर्माण आपका स्वागत करते हैं, अगर आप पश्चिम भारत आएंगे तो आपको मुंबई में समुद्र के ऊपर बना अटल सेतु दिखेगा. दक्षिण में आपको पम्बन ब्रिज दिखेगा जो देश में अपनी तरह का पहला ब्रिज है… आज भारत अपने रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण भी कर रहा है. वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत ट्रेनें देश की नई गति, नई प्रगति को दर्शाती हैं.”
“आज राजस्थान के गांव-गांव में अच्छी सड़कें बन रही हैं. बॉर्डर के इलाकों में भी शानदार सड़कें बन रही हैं. इसके लिए बीते 11 साल में अकेले राजस्थान में करीब-करीब 70,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. राजस्थान में रेलवे के विकास के लिए भी केंद्र सरकार इस साल करीब 10,000 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है. यह 2014 से पहले की तुलना में 15 गुना अधिक है. अभी थोड़ी देर पहले ही यहां से मुंबई के लिए एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई है. आज ही कई इलाकों में स्वास्थ्य, जल और बिजली से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है. इन सभी प्रयासों का लक्ष्य है हमारे राजस्थान के शहर हों या गांव, तेजी से उन्नति की ओर बढ़ सकें. राजस्थान के युवाओं को उनके शहर में ही अच्छे अवसर मिल सकें.”
“22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए. दुनिया और देश के दुश्मनों ने भी देखा कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है.”
“…एयरस्ट्राइक के बाद मैं चुरू में आया था और मैंने कहा था- ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झूकने दूंगा’. आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से कहना चाहता हूं- ‘जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है. जो हिंदूस्तान का लहू बहाते थे आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है, जो सोचते थे भारत चुप रहेगा आज वह घरों में दुबके पड़े हैं. जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वह मलबे के ढेर में दबे हुए हैं’…”





