ऋतिक रोशन का यू-टर्न: पहले ‘धुरंधर’ की राजनीति पर सवाल, फिर की जमकर तारीफ

फिल्म धुरंधर इस साल की सबसे चर्चित और मचअवेटेड फिल्मों में शामिल है और रिलीज के सिर्फ छह दिनों में 188 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। दमदार कहानी, शानदार कास्टिंग और सुरीले गानों की वजह से फिल्म को दर्शकों और सेलेब्रिटीज दोनों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हालांकि एक्टर ऋतिक रोशन का रिएक्शन बाकी लोगों से थोड़ा अलग रहा।
बीती रात ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की कहानी और निर्देशन की जमकर सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि वह फिल्म की राजनीति से सहमत नहीं हैं। उन्होंने लिखा, “कहानी कहने का तरीका पसंद आया। इसकी राजनीति से मैं सहमत न हो पाऊं और इस पर बहस कर सकता हूं कि फिल्ममेकर्स की क्या जिम्मेदारियां होनी चाहिए, लेकिन सिनेमा का छात्र होने के नाते यह फिल्म मुझे बेहद पसंद आई।”

ऋतिक की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोग उन्हें ट्रोल करने लगे और उनकी फिल्मों वॉर और फाइटर के कुछ सीन्स भी वायरल हो गए। बढ़ती प्रतिक्रिया को देखते हुए एक्टर ने सुबह एक और पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने धुरंधर की फिर से तारीफ की, लेकिन इस बार किसी राजनीतिक पहलू का जिक्र नहीं किया।
Still can’t get DHURANDHAR out of my mind. @AdityaDharFilms you are an incredible maker man. @RanveerOfficial the silent to the fierce what a journey and so damn consistent. #akshayekhanna has always been my fav and this film is proof why. @ActorMadhavan bloody mad grace,…
— Hrithik Roshan (@iHrithik) December 11, 2025
उन्होंने लिखा, “धुरंधर अभी भी दिमाग से नहीं निकल रही। आदित्य धर शानदार फिल्ममेकर हैं। रणवीर—खामोशी से उग्रता तक का अद्भुत सफर। अक्षय खन्ना हमेशा मेरे पसंदीदा रहे हैं, और यह फिल्म इसका प्रमाण है। माधवन—गजब की एक्टिंग, गरिमा और शक्ति। सभी कलाकारों और मेकअप-प्रोस्थेटिक टीम के लिए जोरदार तालियां।”
ऋतिक ने यह भी बताया कि वह फिल्म के पार्ट-2 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।





