जमीन और निवेश के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, छह पीड़ितों ने की एसपी से शिकायत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में करोड़ों की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिले के छह लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि उनसे लगभग 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत मिलने के बाद एसपी विजय पांडेय ने मामले की जांच के लिए चांपा एसडीओपी यदुमणि सिदार को निर्देश दिए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिलारी गांव के भूपेंद्र साहू, उसके बेटे हिरेन्द्र साहू और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसा दिया। जमीन की खरीद-बिक्री, शेयर मार्केट में निवेश, दुकान में पैसा लगाने और मोटा फायदा दिलाने का वादा कर इनसे करोड़ों रुपये ले लिए गए। आरोप है कि शुरुआत में कुछ रकम वापस की गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और अब पैसे मांगने पर शिकायतकर्ताओं को धमकाया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार मेंहदी गांव के रामकुमार रोहिदास से 1 करोड़ 90 लाख, बिलारी गांव के रोहित साहू से 22 लाख, राजेश साहू से 1 करोड़ 88 लाख, पकरिया गांव के मिथिलेश साहू से 30 लाख, छोटेलाल यादव से 4 करोड़ 73 लाख और बरपाली गांव के लेखराम साहू से 2 करोड़ 50 लाख 27 हजार रुपये ठगे गए हैं। यह सभी रकम कभी ऑनलाइन तो कभी नकद के रूप में आरोपी परिवार को दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अब उनकी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद सिर्फ कानून से ही है।





