फैक्ट चेक: नाव पर पीएम मोदी के साथ दिख रही वॉटर एंबुलेंस की तस्वीर एडिटेड

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें एक नाव पर खड़े हुए देखा जा रहा है। वीडियो में पास में एक वॉटर एंबुलेंस भी दिखाई दे रही है। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह हाल ही का दृश्य है और इसे सिलीगुड़ी में हुए उस घटना से जोड़ रहे हैं, जब पीएम मोदी ने अपने काफिले को एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए रोका था।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा गलत पाया गया है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो और तस्वीर एडिट की गई है और इसे गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। जांच के दौरान इस दावे से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय खबर नहीं मिली। वहीं, तस्वीर को ध्यान से देखने पर कई गड़बड़ियां भी नजर आईं, जिससे साफ हुआ कि यह हाल की नहीं है।
रिवर्स इमेज सर्च में पता चला कि यह तस्वीर साल 2012 की है, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उस समय यह फोटो अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर स्पीडबोट और वॉटर एक्टिविटी के लॉन्च के दौरान ली गई थी।
खास बात यह है कि असली तस्वीर में कहीं भी वॉटर एंबुलेंस नजर नहीं आती। बाद में इसमें एडिट करके एंबुलेंस जोड़ी गई है।

इसके अलावा, 16 अगस्त 2012 को पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो में भी वही दृश्य दिखता है, जिसमें वे रिवरफ्रंट पर बोटिंग करते नजर आते हैं, लेकिन उसमें भी वॉटर एंबुलेंस नहीं है। इस तरह साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो और तस्वीर फर्जी और एडिटेड है, जिसका हाल की किसी घटना से कोई संबंध नहीं है।





