विदेश

अमेरिका के कैलिफोर्निया में फर्टिलिटी क्लिनिक के बाहर धमाका, एक की मौत, एफबीआई ने बताया आतंकी हमला

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के पाम स्प्रिंग्स शहर में शनिवार को एक फर्टिलिटी क्लिनिक के बाहर हुए जोरदार धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। इस धमाके को लेकर अब एफबीआई ने इसे एक “जानबूझकर किया गया आतंकी हमला” बताया है।

धमाका सुबह करीब 11 बजे पाम स्प्रिंग्स के नॉर्थ इंडियन कैन्यन ड्राइव और ईस्ट ताचेवाह ड्राइव के पास हुआ। विस्फोट से क्लिनिक को भारी नुकसान पहुंचा है और आसपास की कई इमारतें भी प्रभावित हुई हैं। घटनास्थल से आई तस्वीरों में एक जलती हुई कार, ढही हुई छत और सड़क पर बिखरा मलबा साफ दिखाई दे रहा है।

एफबीआई लॉस एंजेलिस कार्यालय के प्रमुख अकील डेविस ने कहा कि धमाका फर्टिलिटी क्लिनिक को जानबूझकर निशाना बनाकर किया गया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि जांच टीम किस आधार पर इस नतीजे पर पहुंची है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और यह स्पष्ट नहीं है कि वह धमाके का जिम्मेदार था या नहीं। फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।

धमाके में चार लोग घायल हुए हैं, लेकिन उनकी हालत को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। एफबीआई की टीम, बम विशेषज्ञ और सबूत इकट्ठा करने वाली टीमें मौके पर मौजूद हैं। इसके अलावा ATF (अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स और एक्सप्लोसिव ब्यूरो) भी जांच में मदद कर रहा है।

पाम स्प्रिंग्स के पुलिस प्रमुख एंडी मिल्स ने कहा कि यह एक जानबूझकर किया गया धमाका है, जिससे इलाके की कई इमारतों को नुकसान हुआ है। दो अधिकारियों ने बताया कि इसे कार बम विस्फोट के रूप में देखा जा रहा है, और आशंका जताई जा रही है कि मरने वाला व्यक्ति ही धमाके के पीछे हो सकता है। हालांकि, जांच अभी शुरुआती दौर में है।

अमेरिकन रिप्रोडक्टिव सेंटर फर्टिलिटी क्लिनिक के मालिक डॉ. महेर अब्दुल्ला ने बताया कि धमाके के समय क्लिनिक में कोई मरीज मौजूद नहीं था और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ वह ऑफिस क्षतिग्रस्त हुआ है जहां मरीजों से बातचीत होती थी, जबकि आईवीएफ लैब और वहां रखे गए भ्रूण पूरी तरह सुरक्षित हैं।

धमाके के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। पास के होटल में काम करने वाले राइनो विलियम्स और एक कैनबिस दुकान में मौजूद निमा तब्रिजी ने बताया कि विस्फोट के बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया और हर तरफ मलबा बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे ‘बम विस्फोट’ जैसा बताया।

पाम स्प्रिंग्स, जो लॉस एंजेलिस से लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित है, अपने लक्ज़री होटल और रेस्तरां के लिए जाना जाता है। इस तरह के हमले ने वहां के शांत माहौल को झकझोर दिया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button