Eternal Ltd में बड़ा नेतृत्व बदलाव, दीपिंदर गोयल ने ग्रुप CEO पद छोड़ा

Eternal Ltd के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने ग्रुप चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। अब वह कंपनी के वाइस चेयरमैन की भूमिका में रहेंगे। उनकी जगह Blinkit के CEO और उनके करीबी सहयोगी अलबिंदर ढिंडसा (Albinder Dhindsa) को नया ग्रुप CEO नियुक्त किया गया है।
शेयरहोल्डर्स को लिखे पत्र में दीपिंदर गोयल ने कहा कि हाल के समय में वह कुछ नए और ज्यादा जोखिम वाले विचारों पर काम करना चाहते हैं, जो एक पब्लिक कंपनी के दायरे से बाहर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये विचार Eternal के मौजूदा बिजनेस और जोखिम प्रोफाइल के अनुरूप नहीं हैं, इसलिए कंपनी का फोकस बनाए रखना जरूरी है।
गोयल ने कहा कि भारत में किसी पब्लिक कंपनी के CEO से पूरी एकाग्रता की अपेक्षा होती है। ऐसे में यह बदलाव कंपनी और उनके व्यक्तिगत लक्ष्यों—दोनों के लिए बेहतर है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि Eternal से उनका जुड़ाव खत्म नहीं हो रहा है। वह कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति, संस्कृति, लीडरशिप डेवलपमेंट, एथिक्स और गवर्नेंस से जुड़े रहेंगे।
अब कंपनी के रोजमर्रा के संचालन, बिजनेस फैसलों और प्राथमिकताओं की जिम्मेदारी पूरी तरह से नए CEO अलबिंदर ढिंडसा के पास होगी। दीपिंदर गोयल ने कहा कि यह बदलाव पद का है, प्रतिबद्धता का नहीं। Eternal आज भी उनका जीवन का सबसे बड़ा काम है और वह चाहते हैं कि कंपनी आने वाले वर्षों में और मजबूत बने, ज्यादा लोगों को रोजगार दे और देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो।





