प्रसिद्ध ब्रांडों की आड़ में अवैध कारोबार, दिल्ली पुलिस ने पकड़ी नकली सिगरेट की बड़ी खेप

दिल्ली के लाहौरी गेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर प्रीमियम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों की 3.50 लाख से अधिक नकली सिगरेट बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कटरा बैरियान, फतेहपुरी निवासी रामजीत उर्फ विजय और लाहौरी गेट निवासी अंकित के रूप में हुई है। दोनों पर बाजार में अवैध रूप से नकली सिगरेट बेचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपित गोल्ड फ्लेक, मार्लबोरो, कैवेंडर्स, मैनचेस्टर, फोर स्क्वायर, अमेरिकन टोबैको, बेन्सन एंड हेजेस, एस्से लाइट्स सहित कई प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम पर नकली सिगरेट तैयार कर उन्हें बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि नकली तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और वितरण पर रोक लगाने के लिए एसीपी सुशील कुमार की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने सादे कपड़ों में कई दिनों तक इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की।
दिल्ली पुलिस @DcpNorthDelhi की टीम ने नकली सिगरेट बेचने वाले 2 अपराधियों को किया गिरफ्तार
लाहौरी गेट इलाके में स्थित दुकान पर छापा मारकर, ₹3.50 लाख मूल्य की नकली सिगरेट के 35 बैग व अवैध अमेरिकन तम्बाकू के 100 पैकेट बरामद#DPUpdates pic.twitter.com/NRloR10uQi
— Delhi Police (@DelhiPolice) December 1, 2025
जानकारी पुख्ता होने के बाद पुलिस ने कूचा शिव मंदिर, नया बांस स्थित एक दुकान और गली बतासन, नया बांस में पहली मंजिल पर स्थित एक अन्य स्थान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान दोनों जगहों से भारी मात्रा में नकली सिगरेट बरामद हुईं, जिन्हें असली प्रीमियम ब्रांड के रूप में बेचा जा रहा था।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और नकली सिगरेट के निर्माण व सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।




