दिल्ली-एनसीआर: हवा की गुणवत्ता में सुधार, GRAP-3 की पाबंदियां हटाईं गईं

दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में सुधार होने के बाद एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने GRAP-3 की पाबंदियों को हटा दिया है। गुरुवार को इस निर्णय की घोषणा की गई। CAQM ने बताया कि सब-कमेटी आगे भी हवा की स्थिति पर नजर रखेगी और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) तथा आईआईटीएम द्वारा जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) और पूर्वानुमानों के आधार पर आवश्यक कदम उठाएगी।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में हाल में सुधार देखने को मिला है। गुरुवार को राजधानी का AQI 313 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार को मध्यम कोहरा रहेगा और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI 301-400 के बीच ‘बहुत खराब’ माना जाता है।
GRAP-3 की पाबंदियों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल हल्के वाहनों, जिनमें कारें भी शामिल हैं, को चलने की अनुमति नहीं थी। इसके अलावा डीजल से चलने वाले मीडियम गुड्स वाहनों पर भी कड़ी रोक थी। अब इन पाबंदियों को हटा लिया गया है, जिससे निजी और व्यावसायिक वाहनों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े काम, मेट्रो और रेलवे प्रोजेक्ट्स फिर से शुरू किए जा सकेंगे। सरकारी कर्मचारियों का वर्क फ्रॉम ऑफिस भी सामान्य रूप से फिर से शुरू हो सकेगा।




