ऑस्कर 2026: बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की दौड़ से बाहर हुई भारत की ‘होमबाउंड’

अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने गुरुवार को ऑस्कर 2026 के लिए नामांकित फिल्मों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। भारत की आधिकारिक एंट्री रही फिल्म ‘होमबाउंड’ बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में अंतिम पांच फिल्मों की सूची में जगह नहीं बना पाई।
इस श्रेणी में जिन पांच फिल्मों को नामांकन मिला है, उनमें ब्राज़ील की ‘द सीक्रेट एजेंट’, फ्रांस की ‘इट वाज़ जस्ट एन एक्सीडेंट’, नॉर्वे की ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’, स्पेन की ‘सिरात’ और ट्यूनीशिया की ‘द वॉयस ऑफ हिंद राजब’ शामिल हैं।
ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में कुल 15 फिल्में थीं, जिनमें अर्जेंटीना, ब्राज़ील, फ्रांस, जर्मनी, इराक, जापान, जॉर्डन, नॉर्वे, फिलिस्तीन, दक्षिण कोरिया, स्पेन, स्विट्ज़रलैंड, ताइवान और ट्यूनीशिया की फिल्में शामिल रहीं। हालांकि, भारत की ‘होमबाउंड’ इस सूची में आगे नहीं बढ़ सकी।
नीरज घायवान के निर्देशन में बनी ‘होमबाउंड’ 26 सितंबर 2025 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी है, जो एक ही जगह पर फंसा हुआ है और भावनात्मक तनाव, पुराने जख्मों और छिपे हुए राज़ों से जूझता है।
फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में करण जौहर ने कहा कि ऑस्कर कैंपेन में काफी खर्च आता है और इसका कोई तय नतीजा नहीं होता। उन्होंने बताया कि उनके बिज़नेस पार्टनर अदार पूनावाला ने इसे एक मौके के तौर पर देखा और बिना मुनाफे की चिंता किए फिल्म को पूरी ताकत से आगे बढ़ाने का फैसला किया। करण के मुताबिक, ‘होमबाउंड’ उनके लिए कमाई नहीं बल्कि एक पैशन प्रोजेक्ट थी, जिसका मकसद सिनेमा की साख और पहचान बनाना था।





