विदेश

भारत-पाक के बीच तनाव के बीच चीन ने की कूटनीतिक पहल; चीन विदेश मंत्री ने NSA डोवाल और पाक के इसहाक डार से की बात

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच चीन ने कूटनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इसहाक डार से फोन पर बातचीत की है। दोनों ही नेताओं से बातचीत में वांग यी ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया।

चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, एनएसए अजीत डोभाल ने वांग यी को बताया कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले में कई भारतीयों की जान गई है। डोभाल ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करेगा लेकिन युद्ध उसकी प्राथमिकता नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान युद्धविराम का पालन करेंगे और जल्द क्षेत्र में शांति बहाल होगी।

वांग यी ने भारत के रुख की सराहना करते हुए कहा कि चीन पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है और आतंकवाद के हर रूप का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक स्थिति जटिल और अस्थिर है, ऐसे में एशिया में शांति लाना बेहद जरूरी है। वांग यी ने कहा, “भारत और पाकिस्तान ऐसे पड़ोसी हैं जिन्हें दूर नहीं किया जा सकता, और दोनों ही चीन के महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं। हम उम्मीद करते हैं कि दोनों देश संयम और समझदारी से काम लेंगे।”

वांग यी ने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार से भी बात की और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। डार ने चीन को ताजा हालात से अवगत कराया, जिस पर वांग यी ने पाकिस्तान के संयम और ज़िम्मेदाराना रवैये की तारीफ की।

चीन के विदेश कार्यालय ने कहा कि वह पाकिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय स्वतंत्रता का समर्थन करता रहेगा। बातचीत में चीन ने पाकिस्तान को ‘सदैव का रणनीतिक सहयोगी’ बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह मुश्किल समय में उसके साथ मजबूती से खड़ा है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्री डार ने संयुक्त अरब अमीरात के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद से भी बात की। शेख अब्दुल्ला ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम समझौते का स्वागत किया और क्षेत्र में शांति के प्रयासों का समर्थन किया।

भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच चीन की यह कूटनीतिक पहल क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर उसकी गंभीरता को दर्शाती है। सभी पक्षों की संयमित भाषा और बातचीत की वकालत से संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में तनाव घटाने के प्रयास तेज हो सकते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button