भारतलाइफस्टाइल

रसोई गैस के दाम में बड़ी बढ़ोतरी, एलपीजी सिलेंडर 60 रुपये महंगा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा कीमतों में तेजी के बीच शनिवार (7 मार्च 2026) को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई। तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत को देखते हुए यह फैसला लिया है।

नई कीमतों के बाद अब राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का बिना सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये का हो गया है। यह वही सिलेंडर है जिसे आम घरेलू उपभोक्ता इस्तेमाल करते हैं। यह जानकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट पर दी गई है। पिछले करीब 11 महीनों में यह दूसरी बार है जब एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

अगर दूसरे बड़े शहरों की बात करें तो मुंबई में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर 912.50 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई है। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स और वैट के कारण कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है।

हालांकि गरीब परिवारों के लिए चल रही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी कनेक्शन की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इससे पहले इसी महीने होटल और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए आने वाले 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए थे। इसमें 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1,883 रुपये हो गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button