भारत

लोकसभा में हंगामे के बीच सरकार ने बताया भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फायदा

लोकसभा में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इस समझौते में देश के संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक, कृषि और डेयरी जैसे क्षेत्रों में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया है।

गोयल ने कहा कि यह व्यापार समझौता छोटे और मध्यम कारोबारियों, एमएसएमई, औद्योगिक इकाइयों, कुशल श्रमिकों और विभिन्न उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। इसके साथ ही उन्नत तकनीकों तक पहुंच आसान होगी, जिससे ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’, ‘डिजाइन इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ और ‘इनोवेट इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ जैसे अभियानों को गति मिलेगी। मंत्री के बयान के दौरान लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा, लेकिन उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए बातचीत पूरी की है।

पीएम मोदी और ट्रंप की बातचीत के बाद टैरिफ में कटौती

मंत्री ने जानकारी दी कि 2 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत में द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिकी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की। गोयल ने कहा कि यह दर कई अन्य प्रतिस्पर्धी देशों पर लागू टैरिफ से कम है, जिससे भारतीय निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलेगा।

कृषि और डेयरी सेक्टर पूरी तरह सुरक्षित

पीयूष गोयल ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान दोनों देशों के वार्ताकारों ने विभिन्न स्तरों पर विस्तृत चर्चा की। इन वार्ताओं में दोनों पक्षों के अहम हितों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष ने विशेष रूप से कृषि और डेयरी जैसे क्षेत्रों में अपने हितों की मजबूती से रक्षा की है। एक साल की बातचीत के बाद दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार मझौते के विभिन्न पहलुओं को अंतिम रूप दिया है।

भारत को मिला प्रतिस्पर्धी देशों से बेहतर समझौता

इससे पहले मंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच अच्छे संबंधों के चलते भारत को यह व्यापार समझौता हासिल हुआ है। गोयल के मुताबिक, भारत को अपने पड़ोसी और प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर डील मिली है, जो देश के लिए सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों को प्राथमिकता दी है और इन क्षेत्रों के लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम किया है। अमेरिकी व्यापार समझौते में भी भारत के संवेदनशील सेक्टर—कृषि और डेयरी—पूरी तरह संरक्षित रखे गए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button