AI इंसानों की नौकरियों का खतरा नहीं, बल्कि मददगार टूल: OPPO अधिकारियों का बयान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या यह इंसानों की नौकरियों को खत्म कर देगा। OPPO की Find X9 सीरीज़ के लॉन्च के दौरान कंपनी के हेड ऑफ प्रोडक्ट स्ट्रैटजी पीटर दोह्युंग ली और हेड ऑफ ब्रांड कम्युनिकेशन गोल्डी पात्राइक ने इस सवाल का अपना दृष्टिकोण साझा किया।
पीटर दोह्युंग ली का कहना है कि AI इंसानों का विकल्प नहीं बल्कि एक शक्तिशाली टूल है, जो काम को आसान और तेज़ बनाता है। उनका मानना है कि जो लोग AI को सीखेंगे, वे अपने करियर में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। चाहे आप फोटोग्राफर, शेफ, डेवलपर हों या करियर बदलना चाह रहे हों, AI आपके लिए एक मददगार साथी बन सकता है। पीटर ने स्पष्ट किया, “जो सीखेंगे, वही आगे बढ़ेंगे। जो सीखने से बचेंगे, वे पीछे रह जाएंगे।”
गोल्डी पात्राइक ने AI की जरूरत को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि जैसे मोबाइल आज हमारी जीवन की मूल आवश्यकताओं में शामिल हो चुका है, वैसे ही AI भी भविष्य में जीवन की पांचवीं आवश्यकता बन जाएगा। उन्होंने कहा कि AI इंसान को बदलने के बजाय और अधिक स्मार्ट बनाएगा। उन्होंने इसे परिवार के नए सदस्य की तरह अपनाने की सलाह दी और कहा कि भावनाओं को समझना अभी भी इंसानों का काम है, इसलिए AI और इंसान मिलकर एक बेहतर टीम बन सकते हैं।
AI के बारे में बताते हुए दोनों अधिकारियों ने कहा कि यह एक कंप्यूटर सिस्टम है जो बड़े डेटा को तेजी से प्रोसेस कर पैटर्न पहचानता है और उसी आधार पर फैसले लेता है। हालांकि, AI इंसानों की तरह सोच या महसूस नहीं कर सकता, लेकिन ऐसे काम कर सकता है जिनमें सामान्य तौर पर इंसानी दिमाग की जरूरत होती है।





