मनोरंजन

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद विराट कोहली अयोध्या पहुंचे, अनुष्का शर्मा के साथ किए रामलला के दर्शन

भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इन दिनों आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। हाल ही में वह अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान रामलला और हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान दोनों ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और भगवान के दरबार में माथा टेका।


हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा करते हुए विराट और अनुष्का का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुजारी उन्हें फूलों की माला पहनाते और माथे पर तिलक लगाते नजर आए। पुजारी संजय दास जी महाराज ने बताया कि विराट और अनुष्का को सनातन धर्म, संस्कृति और अध्यात्म से गहरा लगाव है। उन्होंने मंदिर में रामलला की परिक्रमा की और भगवान हनुमान से आशीर्वाद भी लिया। पुजारी के मुताबिक, दोनों ने धार्मिक और पौराणिक विषयों पर भी चर्चा की।


विराट कोहली इससे पहले वृंदावन भी गए थे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया था। फिलहाल विराट कोहली आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेल रहे हैं। टीम का अगला मुकाबला 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है, लेकिन उससे पहले विराट ने परिवार के साथ आध्यात्मिक शांति का समय बिताना चुना।

बता दें कि विराट कोहली ने इसी महीने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है और अब वह भारतीय टीम के लिए केवल वनडे प्रारूप में खेलते नजर आएंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button