टीजर रिलीज होते ही चर्चा में ‘आखिरी सवाल’, दमदार कहानी की झलक

जहां एक तरफ रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का टीजर चर्चा में है, वहीं अब संजय दत्त की नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का टीजर भी रिलीज हो गया है। यह टीजर अलग अंदाज में देश के इतिहास और समाज से जुड़े कई अहम सवाल उठाता नजर आता है।
टीजर में क्या खास?
करीब 1 मिनट 52 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत संजय दत्त की आवाज से होती है। इसमें महाभारत की एक कहानी दिखाई गई है, जिसमें द्रुपद और द्रोणाचार्य के बीच का संघर्ष बताया गया है। इसके बाद संजय दत्त एक प्रोफेसर के रोल में नजर आते हैं।
फिल्म में नमाशी चक्रवर्ती विक्की हेगड़े नाम के एक युवा छात्र का किरदार निभा रहे हैं। कहानी एक गुरु और शिष्य के बीच विचारों के टकराव पर आधारित है, जो आगे चलकर टीवी पर होने वाली बड़ी बहस में बदल जाता है।
कहानी में क्या दिखेगा?
‘आखिरी सवाल’ सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि कई सामाजिक और ऐतिहासिक मुद्दों को छूती है। टीजर में महात्मा गांधी की हत्या, आरएसएस पर बैन और बाबरी मस्जिद विवाद जैसे घटनाओं की झलक भी देखने को मिलती है। फिल्म में पीढ़ियों के बीच सोच का फर्क और सच की तलाश को दिखाया गया है।
कब होगी रिलीज?
इस फिल्म में संजय दत्त और नमाशी चक्रवर्ती के अलावा समीरा रेड्डी, अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी भी नजर आएंगे। अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन में बनी यह फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘आखिरी सवाल’ का टीजर बताता है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी लेकर आ रही है।





