हावड़ा से गुवाहाटी तक सुपरफास्ट सफर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऐतिहासिक आगाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं. इस दौरान पीएम आज मालदा पहुंचे जहां उन्होंने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंड़ी दिखाई. साथ ही कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने जनता को संबोधिक करते हुए कहा, ‘वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें विकसित भारत का सशक्त उदाहरण हैं. भारतीय रेलवे में हो रहे अभूतपूर्व बदलावों को देखकर अब विदेशों से आने वाले लोग भी भारत की प्रगति पर वीडियो बना रहे हैं और इसकी सराहना कर रहे हैं. यह राज्य के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ा कदम है. देशभर में इस समय 150 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं.’
पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा, उत्तर-पूर्व से लेकर देश के दक्षिणी हिस्सों तक कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है, जिससे आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएं मिल रही हैं. देश को जोड़ना ही सरकार का मिशन है.’
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पीएम नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी को हरी झंडी दिखाई है और 18 जनवरी को हावड़ा से कामख्या के लिए इस ट्रेन की नियमित सेवा शुरू हो जाएगी. इसमें स्लीपर के साथ एसी1, एसी2 और एसी3 कोच भी शामिल होंगे. इस ट्रेन के इंटीरियर को जहां भारतीय संस्कृति से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है, वहीं यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट और बेहतर सैनिटेशन के लिए कीटाणुनाशक तकनीक (डिसइंफेक्टेंट टेक्नोलॉजी) का इस्तेमाल किया गया है. यानी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए इस ट्रेन में ड्राइवर के केबिन में भी एडवांस कंट्रोल और सुरक्षा सिस्टम लगे होंगे. ट्रेन का बाहरी लुक भी एरोडायनामिक होगा, यानी यह हवा को चीरता हुआ आगे बढ़ेगा. इसके बाहरी दरवाजे भी ऑटोमेटिक तरीके से खुलेंगे और बंद होंगे.





