आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में भारी बारिश का कहर, कई क्षेत्र हुए जलमग्न

आंध्र प्रदेश: दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश अनंतपुर ज़िले के लिए परेशानी बनकर सामने आई है. अनंतपुर ज़िले में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भारी जलभराव हुआ. ऐसे में वहां जल-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. स्थिति को संभालने के लिए दमकल विभाग के जवान मौके पर लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं.
आंध्र प्रदेश: अनंतपुर ज़िले में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भारी जलभराव हुआ। दमकल विभाग के जवान लोगों को बचाने में जुटे। pic.twitter.com/2MUd8wH9nb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 13, 2022
अनंतपुर ज़िला अग्निशमन सेवा से श्रीनिवास रेड्डी ने बाताया कि आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में भारी बारिश हुई है. अग्निशमन विभाग की तरफ से अभी तक 100 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. हमारी 7-8 टीमें काम कर रही हैं.
कलेक्टर एस नागा लक्ष्मी और विधायक अनंत वेंकटरामी रेड्डी ने अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों का निरीक्षण किया और वार्ड 47, रंगास्वामी नगर और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा लिया.
वहीं अगले तीन दिनों तक शहर में और बारिश होने की उम्मीद के साथ, नागा लक्ष्मी ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से जिला प्रशासन द्वारा स्थापित राहत केंद्रों में जाने की अपील की.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूलों, कन्वेंशन हॉल को अंतरिम बाढ़ राहत केंद्रों के रूप में उपयोग करने और लोगों को भोजन और आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. नागा लक्ष्मी ने अधिकारियों को नदीमी वंका पर अतिक्रमण की पहचान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के नियमों के अनुसार जिन लोगों को संपत्ति का नुकसान हुआ है, उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी.





