भारत

CJP बनाएगी लीगल हेल्प वेबसाइट, कपिल सिब्बल ने की 1 करोड़ रुपये की मदद

नई दिल्ली: छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हो रही कानूनी कार्रवाई में मदद के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जल्द ही एक नई वेबसाइट शुरू करेगी। इस वेबसाइट के जरिए यह जानकारी जुटाई जाएगी कि किस जगह पर किस छात्र या प्रदर्शनकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है। साथ ही, उन्हें कानूनी सहायता देने के लिए वकीलों से भी जोड़ा जाएगा।

राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सोमवार को CJP प्रवक्ता सौरव दास के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट देशभर में प्रदर्शनकारियों से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड रखेगी और जरूरतमंद छात्रों को वकीलों से जोड़ने का काम करेगी।

सिब्बल ने बताया कि वेबसाइट पर ऐसे वकील अपना नाम, स्थान और वे किस तरह की कानूनी मदद दे सकते हैं, इसकी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान भी किया। साथ ही देशभर के वकीलों और अन्य लोगों से इस फंड में सहयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि जहां भी शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानून का गलत इस्तेमाल होगा या झूठे मामले दर्ज किए जाएंगे, वहां उनकी कानूनी टीम उनके साथ खड़ी होगी।

वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रयागराज प्रदर्शन के नाम पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक स्थानीय टीवी चैनल का वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार ने छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का भरोसा दिया था, तो फिर यह कार्रवाई किसके आदेश पर की गई।

अखिलेश यादव ने सभी हिरासत में लिए गए छात्रों को तुरंत रिहा करने की मांग की। साथ ही इस कार्रवाई में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की।

इधर, कांग्रेस ने भी छात्रों पर कथित कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कहा कि जिन छात्रों को कानूनी नोटिस मिला है, हिरासत में लिया गया है, पूछताछ के लिए बुलाया गया है या जिनकी सोशल मीडिया पोस्ट हटाई गई हैं, उन्हें कांग्रेस कानूनी सहायता देगी। इसके लिए कांग्रेस ने अपना CKG लीगल SOS हेल्पलाइन नंबर 9811867474 भी जारी किया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button