CJP Protest: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार ने मांगा कल तक का समय

CJP Protest Update: NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी आंदोलन के बीच शुक्रवार को केंद्र सरकार और Cockroach Janta Party (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच दूसरी दौर की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जवाब देने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। वहीं, दो अन्य मांगों पर सरकार ने सिद्धांततः (In-Principle) सहमति जता दी है।
सरकार ने मांगा कल दोपहर तक का समय
संविधान क्लब (Constitution Club of India) में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने विस्तृत चर्चा की है, लेकिन अंतिम जवाब देने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।
रांका ने कहा कि यदि इस मांग पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
दो मांगों पर ‘सिद्धांततः सहमति’
CJP के मुताबिक, बैठक के दौरान सरकार ने दो प्रमुख मांगों पर सिद्धांततः सहमति जताई है।
इनमें शामिल हैं—
- NEET अभ्यर्थियों की आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा।
- शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन।
हालांकि, इन दोनों मुद्दों पर सरकार की ओर से औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
दूसरी बार हुई सरकार और CJP की बैठक
NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच यह सरकार और CJP के बीच दूसरी उच्चस्तरीय बैठक थी।
CJP लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग कर रहा है।
सोनम वांगचुक ने भी उठाई थीं यही मांगें
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जिन्होंने हाल ही में अपना 26 दिन का अनशन समाप्त किया, उन्होंने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, छात्र परिवारों को मुआवजा और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई न करने की मांग उठाई थी।
वांगचुक ने कहा था कि सरकार ने कुछ मांगों पर लिखित आश्वासन दिया है।
आंदोलन जारी रहेगा
CJP ने साफ कर दिया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अंतिम फैसला नहीं होता, तब तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की नजर शनिवार को सरकार की ओर से आने वाले जवाब पर टिकी है।





