अनंतनाग में आतंकियों के कायराना हमले में पुलिसकर्मी शहीद, TRF ने ली जिम्मेदारी
अनंतनाग के लाल चौक के पास बुधवार दोपहर को आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है, जबकि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के अनंतनाग जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर को आतंकवादियों ने अनंतनाग शहर में एक पुलिस पार्टी पर अचानक हमला कर दिया।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह आतंकी हमला दोपहर करीब 12:30 बजे लाल चौक के पास हुआ, जब हमलावरों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मी को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और हमलावरों की तलाश के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
टीआरएफ (TRF) ने ली हमले की जिम्मेदारी
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयेबा (LeT) के एक छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में चौकसी और बढ़ा दी है।





