
अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने पंजाब के कुख्यात जग्गू भगवांनपुरिया गैंग से जुड़े आरोपी नितिश कौशल को वर्मोंट से गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
एफबीआई के मुताबिक, नितिश कौशल पर एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह के लिए काम करने का आरोप है। उस पर हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। एजेंसी का यह भी दावा है कि उसने गैंग की ओर से हिंसक घटनाओं, अपहरण और हमलों में भूमिका निभाई थी।
अमेरिका की अदालत ने 25 जून को नितिश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर संगठित अपराध से जुड़े मामलों (RICO) के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन हार्ड बॉल के कुछ सप्ताह बाद हुई है। इस अभियान के दौरान अमेरिका में भारत से जुड़े तीन संगठित अपराध गिरोहों के 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन मामलों में कुल 34 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें से नितिश कौशल उन 11 आरोपियों में शामिल था जो अब तक फरार थे या अमेरिकी अधिकारियों की हिरासत में नहीं थे।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, जग्गू भगवांनपुरिया गैंग की शुरुआत पंजाब से हुई थी। इस गैंग का नेतृत्व जग्गू भगवांनपुरिया करता है, जो फिलहाल भारत की जेल में बंद है। वह कभी लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी था, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि इस गैंग के दुनिया भर में 1,000 से ज्यादा सदस्य और सहयोगी हैं, जिनमें 100 से अधिक अमेरिका में सक्रिय हैं। इसके अलावा कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी गैंग की गतिविधियां होने का आरोप है।
एफबीआई के अनुसार, इस मामले में दोषी पाए जाने पर आरोपियों को कम से कम 10 साल की जेल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।





