भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर रुकावट की खबरों को पीयूष गोयल ने बताया झूठा, कहा- बातचीत सही दिशा में जारी

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता में किसी भी तरह की रुकावट की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें पूरी तरह झूठी, निराधार और भ्रामक हैं।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के साथ शानदार बैठकें की हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने एक ऐसे व्यापार समझौते पर सहमति बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है, जो संतुलित हो और दोनों देशों के कारोबारियों, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचाए।
This news is completely false, baseless and misleading.
I had fantastic meetings with USTR Jamieson Greer, @USTradeRep, when he visited Delhi in June. Both sides reaffirmed their commitment to an agreement that is balanced, commercially meaningful, and delivers tangible… https://t.co/0JZOULEL6i
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) July 13, 2026
गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका की व्यापार टीमें इस समझौते को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
क्या थी रिपोर्ट?
दरअसल, रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाजी में व्यापार समझौता करने से इनकार कर दिया है और वह बेहतर डील का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया था कि दोनों देशों के बीच कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है।
रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि बातचीत के दौरान भारत का रुख कई बार धीमा और जटिल रहा, जिससे जल्द समझौते की संभावना कम दिख रही है।
वाणिज्य सचिव ने भी दी थी सफाई
इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कहा था कि बातचीत में कोई बड़ी चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत तय ढांचे के अनुसार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका की टीमें एक-दूसरे के साथ लगातार संपर्क में हैं। उनके अनुसार, व्यापार समझौते का ढांचा तैयार है और दोनों देश इसे सही समय पर अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
अमेरिका ने भी जताई थी उम्मीद
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता मार्गरेट मैकलियोड ने भी भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों को इस समझौते के जल्द होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर जून में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए थे और उन्होंने पीयूष गोयल के साथ व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने को लेकर बातचीत की थी।





