ट्रंप ने मनाया अमेरिका 250 का जश्न, 6 लोगों को दिया राष्ट्रपति क्षमादान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 4 जुलाई 2026 को अमेरिका की स्वतंत्रता घोषणा (Declaration of Independence) को अपनाए जाने की 250वीं वर्षगांठ के रूप में आधिकारिक तौर पर घोषित किया है। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों से इस ऐतिहासिक दिन को गर्व और पूरे सम्मान के साथ मनाने की अपील की।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने आधिकारिक घोषणा पत्र में कहा कि 4 जुलाई अमेरिका के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है और सभी नागरिकों को देश की विरासत, इतिहास और उपलब्धियों का सम्मान करते हुए इस अवसर का उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका आने वाले समय में नवाचार, मजबूत अर्थव्यवस्था और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।
इसी दौरान ट्रंप ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए छह लोगों को राष्ट्रपति क्षमादान (Pardon) दिया। उनका दावा है कि इन लोगों पर पिछली जो बाइडेन सरकार के दौरान गलत तरीके से मुकदमे चलाए गए थे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि इन लोगों को मामूली कारणों से जेल भेजा गया था और अब उन्हें पूरी तरह आजाद किया जा रहा है।
इन घोषणाओं के बाद राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका के साउथ डकोटा स्थित माउंट रशमोर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के राष्ट्रीय समारोह के तहत आयोजित इंडिपेंडेंस ईव कार्यक्रम को संबोधित किया।





