विदेश

वेनेजुएला में भारतीय नागरिक की मौत, विदेश मंत्रालय ने उठाई जांच की मांग

वेनेजुएला में एक भारतीय नाविक की संदिग्ध मौत का मामला अब भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर वहां की सरकार के सामने उठाया है। विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला से इस पूरे मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत ने इस मामले को वेनेजुएला के अधिकारियों के सामने उठाया है और उनसे जल्द जांच करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी जानकारी सामने आएगी, उससे लोगों को अवगत कराया जाएगा।

यह मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले 33 वर्षीय मर्चेंट नेवी कर्मी राकेश चौहान से जुड़ा है। वह वेनेजुएला में एक व्यापारी जहाज पर काम कर रहे थे। परिवार के अनुसार, उन्हें पहले बताया गया था कि राकेश जहाज पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, अगले ही दिन उनकी मौत की सूचना दे दी गई।

करीब एक महीने बाद जब राकेश चौहान का शव भारत लाया गया, तो पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि उनके शरीर से कई महत्वपूर्ण आंतरिक अंग गायब थे। इसके कारण डॉक्टर मौत की सही वजह का पूरी तरह पता नहीं लगा सके। इस घटना के सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। भारत सरकार ने वेनेजुएला से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button