सामान्य हुए हालात, दिल्ली सरकार ने वापस लिया वर्क फ्रॉम होम का फैसला

दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए बुधवार और शनिवार को लागू वर्क फ्रॉम होम (WFH) की व्यवस्था समाप्त करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति अब काफी हद तक सामान्य हो चुकी है, इसलिए यह व्यवस्था वापस ली जा रही है। इस संबंध में औपचारिक आदेश शनिवार को जारी किया जाएगा।
इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने सरकारी कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया है। अब दिल्ली सरकार (GNCTD) के दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं, नगर निगम (MCD) के कार्यालय पहले की तरह सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक ही संचालित होंगे।
बता दें कि मई 2026 में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई अहम कदमों की घोषणा की थी। इनमें सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, अलग-अलग कार्यालय समय और एक साल तक सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्रा पर रोक जैसे फैसले शामिल थे।
ये सभी फैसले “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत लिए गए थे। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील के बाद शुरू किया गया था, जिसमें उन्होंने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने, सोने की खरीदारी सीमित रखने और ईंधन बचाने की दिशा में योगदान देने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उस समय कहा था कि निजी कंपनियों से भी सप्ताह में दो दिन कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की जाएगी। साथ ही, श्रम विभाग इसके पालन पर नजर रखेगा। इसके अलावा, सरकार के मंत्री और अधिकारी हर सोमवार मेट्रो से यात्रा कर लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।





