PM मोदी 6 जुलाई से तीन देशों के दौरे पर, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में करेंगे अहम बैठकें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इस दौरे का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री का दौरा 6 जुलाई से इंडोनेशिया में शुरू होगा। वह 6 से 8 जुलाई तक वहां रहेंगे। इस दौरान वह इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री जकार्ता में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे और योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रम्बानन मंदिर का भी दौरा करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न जाएंगे। यहां वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे। साथ ही भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम में हिस्सा लेंगे, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे और भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड जाएंगे। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा खास मानी जा रही है, क्योंकि करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी।
न्यूजीलैंड में प्रधानमंत्री मोदी व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह वहां के प्रमुख उद्योगपतियों, खेल जगत की हस्तियों और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस तीन देशों के दौरे से भारत के आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।




