मनोरंजन

केतन मर्डर केस: कंगना रनौत ने सिया गोयल मामले पर रखी अपनी राय

पुणे के 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था। बताया गया था कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग करते समय केतन की गिरने से मौत हो गई। लेकिन पुलिस जांच में अब मामला हत्या का सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित साथी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

इस बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि आज के समय में किसी बच्चे के गलत काम के लिए उसके माता-पिता या परिवार को पूरी तरह जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। कंगना ने कहा कि आज सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), दोस्तों का साथ और आसपास का माहौल किसी भी व्यक्ति की सोच और व्यवहार पर गहरा असर डालते हैं। इसलिए केवल परिवार के आधार पर किसी के संस्कारों का अंदाजा लगाना सही नहीं है।


उन्होंने सिया गोयल के पिता के बयान को साझा करते हुए लिखा कि आज लोग कई तरह की जिंदगी जीते हैं और अपनी एक अलग छवि बनाकर रखते हैं। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि किसी व्यक्ति पर सबसे ज्यादा किसका प्रभाव है। इसलिए बच्चों के हर फैसले या गलत काम के लिए परिवार को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।

वहीं, सिया गोयल के माता-पिता ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि शादी तय करने से पहले उन्होंने कई बार सिया से पूछा था कि क्या वह इस रिश्ते के लिए तैयार है और क्या वह केतन को पसंद करती है। हर बार सिया ने सहमति जताई थी।

हालांकि, सिया के माता-पिता ने यह भी कहा कि अगर जांच में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए और न्याय मिलने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button