FIH प्रो लीग: भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराया

लंदन में खेले गए FIH प्रो लीग मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले एक दशक से जारी अपराजेय रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा। मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान ने बेहतर तरीके से की। मैच के आठवें मिनट में अहमद नदीम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में वापसी की। अभिषेक ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद नीलकांत शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम आगे रही। तीसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। सुखजीत सिंह ने फील्ड गोल किया, जबकि राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत की बढ़त 4-1 कर दी।
अंतिम क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की। अबू महमूद और मोइन शकील ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अंतर को कम किया। हालांकि भारतीय टीम ने मजबूत रक्षा का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को बराबरी का मौका नहीं दिया और 4-3 से जीत अपने नाम कर ली।
अब भारतीय टीम FIH प्रो लीग के लंदन चरण में शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड का सामना करेगी।





