भारत

आतंकवाद से लेकर साइबर सुरक्षा तक, BRICS बैठक में पीएम मोदी का बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित 16वीं BRICS राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के बाद सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बदलते वैश्विक माहौल में सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की दुनिया में आतंकवाद, साइबर अपराध और नई तकनीकों से जुड़े खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में BRICS देशों को मिलकर इन चुनौतियों का सामना करना होगा।

बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में BRICS की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में BRICS देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को आगे रखा जाएगा।

इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की अध्यक्षता में हुई BRICS सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और उभरती तकनीकों से जुड़े खतरों पर चर्चा हुई। डोभाल ने कहा कि डिजिटल दुनिया में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

भारत वर्ष 2026 में “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” थीम के तहत BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सरकार का कहना है कि यह थीम लोगों और मानवता को केंद्र में रखकर सहयोग बढ़ाने पर आधारित है। बैठक में रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, ईरान, इंडोनेशिया और इथियोपिया सहित कई देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय वार्ताएं भी हुईं।

गौरतलब है कि BRICS में वर्तमान में 11 उभरती अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। यह समूह अब केवल आर्थिक मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक, सुरक्षा, वित्तीय और सांस्कृतिक सहयोग को भी बढ़ावा दे रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button