G7 Summit 2026: फ्रांस में आज G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे PM मोदी, ट्रंप समेत कई नेताओं से होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस के एवियन (Evian) शहर में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेंगे। यह उनकी दो देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर इस महत्वपूर्ण वैश्विक सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।
G7 Summit के दौरान पीएम मोदी “Forging New Partnerships and Rebuilding International Solidarity” विषय पर आयोजित विशेष सत्र में भाग लेंगे। इस बैठक में G7 देशों के नेताओं के अलावा साझेदार देशों और विश्व बैंक व अफ्रीकी विकास बैंक जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
कई देशों के नेताओं से करेंगे द्विपक्षीय बैठकें
G7 Summit के इतर प्रधानमंत्री मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच भी मुलाकात प्रस्तावित है। व्हाइट हाउस के अनुसार दोनों नेता 17 जून को द्विपक्षीय बैठक कर सकते हैं, जिसमें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका
इस वर्ष भारत की G7 शिखर सम्मेलन में यह 13वीं भागीदारी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार इस मंच पर शामिल हो रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत की नियमित भागीदारी वैश्विक चुनौतियों, शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरणीय स्थिरता के मुद्दों पर उसकी बढ़ती भूमिका और प्रभाव को दर्शाती है।
भारत लगातार G20 और Voice of Global South Summit जैसे मंचों पर ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं और चिंताओं को दुनिया के सामने रखता रहा है।
G7 Summit 2026 में पीएम मोदी की भागीदारी को भारत की बढ़ती वैश्विक कूटनीतिक और रणनीतिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है।





