वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में दिखेगा शकीरा का जलवा, बर्ना बॉय भी होंगे साथ

दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 के उद्घाटन समारोह में मशहूर पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरियाई गायक बर्ना बॉय अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। फीफा ने इसकी आधिकारिक घोषणा अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए की है।
फीफा के अनुसार, दोनों कलाकार मेक्सिको सिटी में होने वाले उद्घाटन समारोह में स्टार कलाकारों की टीम का हिस्सा होंगे। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी स्टेडियम में होगी।
View this post on Instagram
शकीरा और बर्ना बॉय पहले से ही टूर्नामेंट से जुड़े हुए हैं। दोनों फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक गीत ‘Dai Dai’ में अपनी आवाज दे चुके हैं। इस गाने का म्यूजिक वीडियो अमेरिका के मियामी में शूट किया गया था और इसका निर्देशन हन्ना लक्स डेविस ने किया है।
वीडियो में शकीरा को मेक्सिको सिटी के प्रसिद्ध एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस स्मारक के ऊपर दिखाया गया है। इसके बाद वह रेगिस्तानी इलाके में अफ्रीकी बच्चों के साथ डांस करती नजर आती हैं। बाद में वीडियो में बर्ना बॉय की एंट्री होती है।
‘Dai Dai’ गाना 16 मई को रिलीज हुआ था। फुटबॉल से शकीरा का यह नया जुड़ाव है। इससे पहले उनका गाना ‘Waka Waka’ फीफा वर्ल्ड कप का सबसे लोकप्रिय एंथम बन चुका है।
इसके अलावा शकीरा 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के पहले हाफटाइम शो की भी मुख्य कलाकार होंगी। यह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला आधिकारिक फाइनल हाफटाइम शो होगा।
फीफा ने हाल ही में वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक म्यूजिक एल्बम के कलाकारों की पूरी सूची भी जारी की है। 18 गानों वाले इस एल्बम में दुनिया के कई बड़े संगीत सितारे शामिल हैं। एल्बम 5 जून को रिलीज किया जाएगा और इसे विभिन्न स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर पहले से सेव किया जा सकता है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में संयुक्त रूप से किया जाएगा।




