बिहार के चर्चित शार्प शूटर गोविंद शर्मा की हत्या, लव ट्रायंगल एंगल से जांच तेज

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार देर रात हुए मशहूर शार्प शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच और मृतक की पत्नी के बयानों ने इस पूरी वारदात के पीछे छिपी प्यार, पैसे और खूनी साजिश की परतें खोलकर रख दी हैं। इस हत्याकांड में अब जमीनी के साथ-साथ एक गहरा ‘लव ट्रायंगल’ (प्रेम-प्रसंग) भी मुख्य वजह बनकर उभरा है।
पत्नी का आरोप: प्रेमिका और बिजनेस पार्टनर ने मिलकर रचा ताना-बाना
गोविंद शर्मा की पत्नी रीना उर्फ अंजलि ने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में बेहद खौफनाक खुलासे किए हैं। अंजलि का आरोप है कि उसके पति का उनकी प्रेमिका जैसमीन प्रवीण के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे गोविंद ने फ्लैट और गाड़ी तक उपहार में दी थी। जब गोविंद ने जैसमीन से दूरी बनाकर अपने सामान वापस मांगे, तो विवाद बढ़ गया।
इसके अलावा, गोविंद का अपने बिजनेस पार्टनर ओंकार सिंह के साथ करोड़ों की जमीन का कारोबार था। जेल से बाहर आने के बाद जब पैसों का हिसाब हुआ, तो उसमें भारी गड़बड़ी पाई गई। पत्नी को पूरा संदेह है कि प्रेमिका जैसमीन, पार्टनर ओंकार सिंह और एक अन्य सहयोगी बुल चौधरी ने मिलकर इस हत्या की पूरी प्लानिंग की थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हत्या की जिम्मेदारी का ऑडियो
वारदात के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर तुर्की थाना क्षेत्र के निवासी बाबुल चौधरी का एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो गया। इस ऑडियो में वह हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा कर रहा है कि गोविंद शर्मा की वजह से उस पर केस दर्ज हुआ था और वह उसके जमीनी व ठेकेदारी के धंधे में लगातार अड़चनें पैदा कर रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी ओंकार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जैसमीन और बाबुल चौधरी की तलाश में छापेमारी जारी है।





