दिल्ली के हौज खास में आग का हादसा, पूर्व CCI चेयरमैन धनेंद्र कुमार की मौत

नई दिल्ली: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पूर्व चेयरमैन धनेंद्र कुमार की बुधवार देर रात दक्षिण दिल्ली के हौज खास स्थित घर में लगी आग में मौत हो गई। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसा एसी में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11:10 बजे घर में अचानक आग लग गई। उस समय घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू कर्मचारियों समेत पांच लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को लगाया गया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
80 वर्षीय धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां धुएं की वजह से दम घुटने के कारण धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। उनके बेटे का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। मामले की जांच जारी है और बिजली से जुड़े उपकरणों की भी जांच की जा रही है।
धनेंद्र कुमार 1968 बैच के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार में कई अहम पदों पर काम किया था। वे रक्षा, सड़क परिवहन और संस्कृति मंत्रालय में सचिव भी रहे। इसके अलावा 2005 से 2009 तक उन्होंने विश्व बैंक में कार्यकारी निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं।
साल 2009 में वे भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन बने थे। उन्होंने भारत में प्रतिस्पर्धा कानूनों और नीतियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। रिटायरमेंट के बाद भी वे सार्वजनिक नीतियों और कॉर्पोरेट मामलों में सक्रिय रहे।





