भारत में ब्लॉक हुआ Cockroach Janta Party का X अकाउंट, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) का X अकाउंट गुरुवार को भारत में ब्लॉक कर दिया गया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब यह व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में बीजेपी के आधिकारिक अकाउंट से आगे निकल गया।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत डिपके ने खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने X पर अकाउंट ब्लॉक होने का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।” कुछ ही दिनों पहले शुरू हुआ यह ऑनलाइन सटायर अब सोशल मीडिया पर बड़ा डिजिटल मूवमेंट बन चुका है। बेरोजगारी, एग्जाम पेपर लीक, राजनीति और जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं के बीच यह तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम पर 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही इसने बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को पीछे छोड़ दिया, जिसके करीब 87 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं कांग्रेस के इंस्टाग्राम पर 1.3 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि आम आदमी पार्टी इससे काफी पीछे है।
यह संगठन खुद को “युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच” बताता है। इसका स्लोगन है — “Secular, Socialist, Democratic, Lazy.”
मीम्स, हास्य और राजनीतिक संदेशों के जरिए यह अभियान युवाओं के बीच तेजी से वायरल हुआ है। “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम भी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान हुई टिप्पणी के बाद चर्चा में आया था। बताया गया कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं और ऑनलाइन एक्टिविस्ट्स की तुलना “कॉकरोच” और “पैरासाइट” से की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ।





