
नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 14 महीने पहले धूमधाम से हुई शादी वाली दीपिका नागर की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। कल रात उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दी कि दीपिका ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का आरोप है कि शादी में उन्होंने महिंद्रा स्कॉर्पियो-N, 5.71 लाख रुपये नकद, 16 सोने की अंगूठियां और अन्य सोने के गहने दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
दीपिका के पिता संजय के अनुसार, 11 दिसंबर 2024 को दीपिका की शादी मनोज के बेटे ऋतिक से हुई थी। शुरुआती महीनों में सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में दबाव बढ़ता गया। कल वे बेटी से मिलने उसके ससुराल पहुंचे और ससुराल वालों से उसे परेशान न करने की विनती की।
घर लौटने के बाद उन्हें फोन आया कि दीपिका गिर गई है और अस्पताल पहुंचें। अस्पताल पहुंचने पर दीपिका का शव मिला, जबकि ससुराल पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने मामले में पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार का आरोप है कि यह दहेज प्रताड़ना का मामला है।





