पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद हावड़ा ब्रिज पर जश्न का दावा भ्रामक, वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हावड़ा ब्रिज पर भारी भीड़ होली मनाती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह जश्न बीजेपी की जीत के बाद मनाया गया।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा भ्रामक निकला है। जांच के दौरान वायरल वीडियो के कुछ फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया गया, जिससे पता चला कि यही वीडियो 1 मार्च 2026 को फेसबुक पर पहले ही अपलोड किया जा चुका था। पोस्ट के कैप्शन में इसे “Rolls-Royce Holi in Howrah Bridge, Kolkata” बताया गया था।
चूंकि यह वीडियो चुनाव परिणाम आने से एक महीने पहले का है, इसलिए साफ है कि इसका बीजेपी की जीत या किसी राजनीतिक जश्न से कोई संबंध नहीं है। अधिक जानकारी जुटाने के लिए “Rolls-Royce Holi Kolkata” कीवर्ड से सर्च किया गया। इसके बाद 1 मार्च 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में सामने आया कि यह वीडियो कोलकाता के मशहूर बागला परिवार की पारंपरिक होली celebration का है, जिसे “Rolls-Royce Holi” के नाम से जाना जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह जुलूस हावड़ा के सत्यनारायण मंदिर से शुरू हुआ था, हावड़ा ब्रिज से गुजरते हुए बड़ाबाजार के सोनापट्टी तक पहुंचा। इस तरह वायरल वीडियो को चुनावी जश्न से जोड़कर किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। यह वीडियो पहले से आयोजित पारंपरिक होली कार्यक्रम का है, न कि बीजेपी की जीत के बाद हुए किसी celebration का।





