पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: हार के बाद इस्तीफा नहीं देंगी ममता बनर्जी, नतीजों पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगी। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी की हार जनता के जनादेश से नहीं, बल्कि एक “साजिश” का नतीजा है।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं कराए गए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों के जरिए चुनाव प्रक्रिया में दखल देने का आरोप लगाया। ममता ने दावा किया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों का इस्तेमाल जबरन चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया गया।
उन्होंने कहा, “मेरे इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं है। हम जनता से नहीं हारे, बल्कि एक साजिश का शिकार हुए हैं।” TMC प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी इस हार के बावजूद मजबूती से वापसी करेगी। ममता ने कहा, “हमने शेरों की तरह लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ते रहेंगे। सरकार का सीधा हस्तक्षेप बेहद चिंताजनक है।”
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई सिर्फ BJP से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग से भी रही है। TMC जल्द ही चुनाव आयोग के खिलाफ कदम उठाएगी, हालांकि फिलहाल उन्होंने अपनी रणनीति सार्वजनिक करने से इनकार किया।
उन्होंने कहा, “हम कार्रवाई करेंगे और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे, लेकिन हमारी रणनीति गोपनीय रहेगी।” ममता ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी के कुछ कार्यकर्ता डर और दबाव की वजह से BJP में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सुरक्षा के लिए ऐसा करना पड़ रहा है, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।
इस दौरान ममता बनर्जी ने INDIA गठबंधन के नेताओं का समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने उन्हें फोन कर समर्थन जताया।
BJP को चेतावनी देते हुए ममता ने कहा कि सत्ता हमेशा स्थायी नहीं रहती। उन्होंने कहा, “मैंने राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह की सरकारें देखी हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं पहले कभी नहीं देखीं।” ममता बनर्जी ने संकेत दिया कि अब वह विपक्षी राजनीति में और ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं।





