
मध्य प्रदेश के दमोह से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव की हकीकत को उजागर कर दिया है। शादी से पहले की रस्म के दौरान घोड़ी पर सवार एक दलित दूल्हे को बीच रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा गया।
रश्म के दौरान हुआ हमला
यह घटना मंगलवार शाम की है, जब 23 वर्षीय गोलू अहिरवार अपनी ‘रचवाई’ रस्म के तहत घोड़ी पर बैठकर परिवार के साथ गांव से गुजर रहे थे। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उनके घोड़ी पर बैठने पर आपत्ति जताई और रास्ता रोक लिया।
परिवार के अनुसार, आरोपियों ने पहले रास्ता अवरुद्ध किया और फिर दूल्हे को जबरन घोड़ी से नीचे खींचकर डंडों और लाठियों से हमला कर दिया।
दमोह के बिजोरी पाठक गाँव से ये तस्वीरें सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि जातिवाद का ज़िंदा सबूत हैं। दिव्यांग दलित दूल्हे गोलू अहिरवार को घोड़ी से उतारकर पीटा गया आरोपी पलटू,विश्वनाथ लोधी, बिच्छू लोधी जैसे लोगों को दलित दूल्हे का घोड़ी पर चढ़ना अच्छा नहीं लगा … और आप कहते हैं जातिवाद… pic.twitter.com/sNdL7NW2T5
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) April 22, 2026
परिवार ने बताया जातिगत मानसिकता की वजह से हमला
दूल्हे की बहन मनीषा अहिरवार ने बताया कि आरोपियों ने साफ तौर पर कहा कि “इस तरह की बारात तुम लोगों के लिए नहीं है।” विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित की मां ने बताया कि उनका बेटा दिव्यांग है, इसके बावजूद आरोपियों ने कोई नरमी नहीं दिखाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान परिवार के साथ लूटपाट भी हुई।
वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दूल्हे के साथ हो रही मारपीट साफ देखी जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मेडिकल जांच के बाद दूल्हा और उसका परिवार शादी की रस्म पूरी करने के लिए दूसरे गांव रवाना हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी तरह का विवाद सामने आ चुका है, जो इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है।





