आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी की टैंकर से टक्कर, 8 की मौत, कई घायल

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी की सामने से आ रहे टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा नेशनल हाईवे 167 पर धर्मापुर टोल प्लाजा से करीब 8-9 किलोमीटर दूर हुआ। पिकअप वाहन में कुल 21 लोग सवार थे, जो दर्शन के लिए मंतरालयम स्थित श्री राघवेंद्र स्वामी मठ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टैंकर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
मृतकों में महिलाएं और बच्ची शामिल
टक्कर इतनी भीषण थी कि 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं, एक तीन साल की बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक कर्नाटक के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए कुरनूल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





