अब अंतरिक्ष में iPhone से खींची जाएंगी तस्वीरें, NASA का अनोखा कदम

नई दिल्ली: अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एक अनोखी पहल करते हुए नासा ने अपने Artemis II मिशन में iPhone 17 Pro Max के इस्तेमाल को मंजूरी दी है। यह पहली बार है जब किसी आम उपभोक्ता स्मार्टफोन को 50 साल बाद गहरे अंतरिक्ष मिशन में ले जाया जा रहा है।
इस फोन का इस्तेमाल Orion स्पेसक्राफ्ट में मौजूद अंतरिक्ष यात्री चांद और पृथ्वी की तस्वीरें लेने के लिए करेंगे। नासा का कहना है कि इसका मकसद अंतरिक्ष यात्रियों को खास पलों को कैद करने और उन्हें दुनिया के साथ साझा करने का मौका देना है।
फोन को मिशन में शामिल करने से पहले इसकी कड़ी सुरक्षा जांच की गई। वैज्ञानिकों ने इसके टाइटेनियम बॉडी और ग्लास स्क्रीन जैसे हिस्सों का परीक्षण किया। खासतौर पर यह देखा गया कि माइक्रोग्रैविटी में अगर फोन टूटे तो उसके छोटे टुकड़े तैरते हुए खतरा न बनें। साथ ही बैटरी और जहरीली गैस (off-gassing) जैसी संभावित समस्याओं की भी जांच की गई।

सुरक्षा के लिए इन फोन को एक खास लॉक मोड में रखा गया है, जिसमें सभी वायरलेस फीचर्स बंद कर दिए गए हैं ताकि स्पेसक्राफ्ट के सिस्टम में कोई रुकावट न आए। साथ ही इन्हें खास माउंट या स्पेस सूट की जेब में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि ये हवा में तैर न सकें।
हालांकि इस मिशन में Nikon Z9, Nikon D5 और GoPro Hero 11 जैसे प्रोफेशनल कैमरे भी मौजूद हैं, लेकिन iPhone का इस्तेमाल इस मिशन को एक मानवीय और खास नजरिया देने के लिए किया जा रहा है।
खास बात यह है कि Apple ने इस प्रोजेक्ट में कोई बदलाव या सहयोग नहीं किया है। नासा ने खुद ही इस डिवाइस को टेस्ट कर अंतरिक्ष के लिए सुरक्षित घोषित किया है।





